रायपुर:– बॉलीवुड की मशहूर गायिका ऐश्वर्या पंडित के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला राजधानी रायपुर के मुझगहन थाना क्षेत्र में न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया। ऐश्वर्या पर आरोप है कि उन्होंने अपने परिजनों के साथ मिलकर पति के किराए के मकान का ताला तोड़कर वहां से 11 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और घरेलू सामान चोरी कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, ऐश्वर्या पंडित का अपने पति तपन दास से विवाद चल रहा था। इसी बीच, 19 जनवरी 2023 को उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन पारिवारिक कलह के चलते उनके पति तपन दास ने सद्दानी दरबार के पास एक किराए का मकान ले लिया और वहां रहने लगे। कुछ समय बाद किसी काम से तपन अपने मूल ग्राम गरियाबंद गए।
तपन की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर, ऐश्वर्या पंडित ने 1 सितंबर 2023 को अपने परिजनों के साथ मिलकर किराए के मकान का ताला तोड़ा और वहां से सोने-चांदी के जेवर, कूलर, रेफ्रिजरेटर सहित अन्य सामान जबरन ले गईं। जब तपन को इस घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत मुझगहन थाने में इसकी शिकायत की। हालांकि, पुलिस ने इसे पारिवारिक विवाद बताते हुए न्यायालय की शरण में जाने की सलाह दी।
कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज
इसके बाद तपन दास ने अपने वकील के माध्यम से न्यायालय में परिवाद दायर किया। प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायिक दंडाधिकारी आकांक्षा बेक की कोर्ट ने पुलिस को ऐश्वर्या पंडित और उनके परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
मामले में पुलिस ने अब जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने बॉलीवुड और संगीत जगत में हलचल मचा दी है। फिलहाल, पुलिस की जांच के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।
