रायपुर :–राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रविवार को विशाल दही हांडी उत्सव का भव्य आयोजन हुआ। हजारों की भीड़ और गोविंदा टोलियों के उत्साह ने पूरे माहौल को कृष्णमय बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, अरुण साव व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत कई मंत्री व वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर महंत राजीव दास लोचन ने संयोजक बसंत अग्रवाल को ‘धर्मवीर’ की उपाधि से सम्मानित किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने अग्रवाल को बधाई देते हुए आयोजन को प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान बताया।

मनोरंजन कार्यक्रमों ने उत्सव को और भव्य बना दिया। इंडियन आइडल विजेता पवनदीप राजन की सुरीली प्रस्तुतियों पर पूरा मैदान झूम उठा, वहीं भजन गायिका गीता बेन रबारी व छत्तीसगढ़ी कलाकार पूनम-दिव्या तिवारी के गीतों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। साथ ही ओडिशा के पारंपरिक ‘घंटा बाजा’ और ग्रीस युक्त खंभे पर चढ़ने की प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही।

दही-हांडी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, मध्यप्रदेश और झारखंड से आई टोलियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले में सोंझरा समिति ने मटकी फोड़कर पहला, दूसरा और तीसरा पुरस्कार अपने नाम किया।

आयोजन की सफलता पर संयोजक बसंत अग्रवाल ने कहा कि “एक छोटे से मोहल्ले से शुरू हुआ यह उत्सव आज राष्ट्रीय स्तर का पर्व बन चुका है।” सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के बीच देर रात तक चला यह आयोजन धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश देकर संपन्न हुआ।
