नई दिल्ली:– देश की राजधानी दिल्ली के लाल किला परिसर में आयोजित एक जैन धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए हीरे, माणिक और पन्ना से जड़ा एक बेशकीमती सोने का कलश चोरी हो गया है। जानकारी के अनुसार, यह कलश करीब 760 ग्राम शुद्ध सोने से बना था और इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। घटना की पुष्टि दिल्ली पुलिस ने 6 सितंबर को की, जबकि चोरी की यह वारदात 2 सितंबर की बताई जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, पुलिस ने दर्ज किया केस
चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर सामने आई है। पुलिस ने आरोपी की पहचान की कोशिश शुरू कर दी है और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पूजा के लिए लाया गया था कलश
पुलिस के अनुसार, बिजनेसमैन सुधीर जैन इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन शामिल हो रहे थे। उन्होंने पूजा के लिए इस महंगे और अलंकारिक कलश को मंच पर रखा था। लेकिन 2 सितंबर को कार्यक्रम के दौरान वह कलश रहस्यमयी ढंग से मंच से गायब हो गया। कलश में सोने के साथ-साथ कीमती रत्न — हीरा, माणिक और पन्ना जड़े हुए थे।
कार्यक्रम में ओम बिरला समेत कई हस्तियां हुईं थीं शामिल
जानकारी के मुताबिक, इस जैन धार्मिक आयोजन में देश की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। यहां तक कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी इस कार्यक्रम में पहुंचे थे। आयोजन स्थल को देखते हुए विशेष सुरक्षा इंतजाम भी किए गए थे। हालांकि, इतने हाई सिक्योरिटी क्षेत्र में चोरी की यह घटना सामने आने से लाल किले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
लाल किला परिसर या भीतर? पुलिस की सफाई
चोरी को लेकर भ्रम की स्थिति के बीच दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह घटना लाल किला परिसर के अंदर गेट नंबर 15 के पास स्थित पार्क में हुई। पुलिस ने यह भी बताया कि लाल किले के मुख्य स्मारक क्षेत्र के भीतर यह घटना नहीं हुई है। धार्मिक आयोजन अभी भी 9 सितंबर तक जारी रहेगा।
जांच जारी, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल दिल्ली पुलिस संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और लोकेशन पता लगाने की कोशिश कर रही है। मामले में फोरेंसिक टीम की सहायता भी ली जा रही है। आयोजकों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
