कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत एतमानगर रेंज में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय 43 हाथियों का दल बीती रात कोदवारी पहुंच गया। अचानक पहुंचे हाथियों के इस दल ने गांव के खेतों में पहुंचकर वहां पककर तैयार धान के फसल को रौंद दिया जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
हाथियों के रात में कोदवारी पहुंचने और उत्पात मचाने की सूचना पर वन विभाग का अमला तत्काल रेंजर मनीष सिंह के नेतृत्व में गांव पहुंचा और उत्पाती हाथियों को खदेडऩे की कार्रवाई की। वन अमले के द्वारा खदेड़े जाने पर हाथियों ने जंगल का रूख किया। वर्तमान में हाथियों का यह दल यहां के जंगल में विचरण कर रहा है। रेंजर मनीष सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
हाथियों के उत्पात से हुए नुकसानी का आंकलन किया जा रहा है। आंकलन के पश्चात ही कितना नुकसान हुआ है यह स्पष्ट हो सकेगा। प्रारंभिक तौर पर हाथियों के उत्पात से हजारों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद इसे प्रकरण बनाकर मुआवजा स्वीकृति के लिए वनमंडलाधिकारी कार्यालय कटघोरा भेजा जाएगा।
हाथियों के दल ने इससे पहले दो दिनों तक रेंज के पचरा गांव में डेरा डालकर लगातार धान की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था जिससे ग्रामीण काफी हलाकान थे। उधर केंदई रेंज में भी दो लोनर हाथी घूम रहे हैं। लोनर हाथियों ने फिलहाल क्षेत्र में कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया है।