:जम्मू-कश्मीर के बारामुला से बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच चल रही मुठभेड़ में एक दहशतगर्द मारा गया है। कश्मीर जोन की पुलिस की जानकारी के अनुसार कुछ और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है इसलिए तलाशी अभियान जारी है।
दूसरी तरफ राजोरी के कंडी जंगलों में मुठभेड़ जारी है। पीआरओ, डिफेंस, जम्मू ने बताया कि अभी सुरभाबलों का मुठभेड़ अभियान चल रहा है और आतंकियों से संपर्क हो गया है। जंगली इलाका इतना घना है कि, वहां पर ड्रोन की मदद से भी कुछ देख पाना संभव नहीं। राजोरी-पुंछ जिले में जब आतंकवाद चरम पर था तो आतंकी केसरी हिल और आसपास के घने जंगली इलाकों व प्राकृतिक गुफाओं में पनाह लेते थे। उसी तर्ज पर फिर से आतंकी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
आतंकी संगठन पीपुल्स एंटी-फासिस्ट फ्रंट ने राजोरी में पांच जवानों की शहादत की जिम्मेदारी ली है। फ्रंट ने टेलिग्राम पर लिखा कि वह जैसा चाहते थे, ठीक उनकी उम्मीदों के मुताबिक हुआ है। घात लगाकर आईईडी को रिमोट से बिस्फोट किया। यह भी लिखा कि कितना आसान है घात क्षेत्र में उकसा कर बुलाना। कितना आसान है सेना की हर हरकत का पता लगाना। हमने जंगलों को बहुत ही अच्छे से अपने लिए तैयार किया है।