नई दिल्ली: – आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 20 नाम हैं। जहां पटपड़गंज से अवध ओझा को टिकट मिला है। पार्टी ने 21 नवंबर को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें 11 नाम थे। अब तक आम आदमी पार्टी कुल 31 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है।
आप द्वारा जारी की गई उम्मीदवारों दूसरी लिस्ट में 20 लोगों को टिकट दिया गया है। जिससे यह भी पता चला है कि अवध ओझा को टिकट मनीष सिसोदिया की सीट पटपड़गंज से टिकट मिला है। जबकि पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया जंगपुरा से चुनाव लड़ेंगे।
वहीं मुस्तफाबाद से आदिल अहमद खान को टिकट दिया गया है। विधायक हाजी यूनुस का टिकट भी काट दिया गया है। चांदनी चौक विधानसभा से विधायक प्रहलाद सिंह साहनी के बेटे पुरंदिप सिंह साहनी को टिकट मिला है। जबकि, कृष्णा नगर से विधायक एसके बग्गा के बेटे विकास बग्गा को टिकट दिया गया है। साथ ही दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल की जगह जितेंद्र सिंह शंटी को टिकट दिया गया है।
जानकारी के लिए बता दें कि अब तक आम आदमी पार्टी कुल 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। दिल्ली विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी के महीने में हो सकते हैं। चुनाव आयोग ने अभी तक चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया है, लेकिन आम आदमी पार्टी पूरी ताकत से चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। आम आदमी पार्टी पिछले 10 सालों से दिल्ली की सत्ता में है और केजरीवाल जीत की हैट्रिक लगाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के कई नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस से वीर सिंह धींगान और सुमेश शौकीन, भाजपा से ब्रह्म सिंह तंवर, सुरेंद्र पाल सिंह बिट्टू और अनिल झा जैसे नेता हाल ही में आप में शामिल हुए हैं।