महेंद्रगढ़। हरियाणा में महेंद्रगढ़ के जिला कनीना के गांव भोजावास में बिना रजिस्ट्रेशन के अवैध तरीके से चल रही जिम को गुरुवार को पुलिस द्वारा जिला प्रशासन की मदद से सील करवाया गया है। जिम संचालक क्रांति के खिलाफ मारपीट, लड़ाई, झगड़े, लूट और हत्या का प्रयास के तहत 5 मामले दर्ज हैं।
डीसी डॉ जय कृष्ण आभीर और एसपी विक्रांत भूषण के द्वारा गठित प्रशासन और पुलिस की टीम ने गुरुवार को जिम की छानबीन की। जांच में सामने आया कि जिम रजिस्टर्ड नहीं थी और ना ही अन्य किसी प्रकार के कागजात, नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट आदि लिए हुए थे।
आरोपी क्रांति अवैध तरीके से बिना रजिस्ट्रेशन के जिम चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने जिला प्रशासन की मदद से जिम को सील करवा दिया है।
बताया गया है कि जिम संचालक क्रांति के खिलाफ वर्ष 2020 में रास्ता रोककर मारपीट करने, वर्ष 2021 में घर में घुसकर मारपीट कर तोड़ फोड़ करने, वर्ष 2022 में लूट, रास्ता रोककर मारपीट करने और हत्या का प्रयास करने के विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। अब वह गांव भोजावास में बिना रजिस्ट्रेशन और बिना कागजात के रॉयल फिटनेस क्लब एंड न्यूट्रिशन नाम से जिम चलाता है।