जालोरः राजस्थान में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारी बारिश के कारण राजस्थान के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। इस बीच मौसम विभाग ने कोटा समेत कई जिलों में 2 दिन तक तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, कोटा संभाग में बीते दो दिन से जमकर बारिश हो रही है, जिसके निचले इलाकों में अब बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। भारी जलभराव के कारण कई गांव पानी से घिर गए हैं। इसी बीच जालोर जिला प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।
जारी आदेश में कलेक्टर ने कहा है कि भारी बारिश के मद्देनजर जालोर जिले के सभी स्कूल कल 24 अगस्त को बंद रहेंगे। टीचिंग स्टाफ से अनुरोध है कि वे उस दिन स्कूलों में मौजूद रहें। यह अवकाश केवल छात्रों के लिए लागू होगा।
मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश की चेतावनी के बाद बारां जिले के डीएम ने सभी स्कूलों को बंद रखने का फैसला किया है। आदेश के अनुसार 23-24 अगस्त को भारी बारिश के अलर्ट के चलते सभी स्कूलों की छुट्टी रहेगी। बताया जा रहा है कि बारिश से उत्पन्न हालात को देखते हुए कोटा कलेक्टर ने भी सभी सरकारी और निजी स्कूलों की छुट्टी कर दी है। बूंदी जिले के स्कूलों में भी अवकाश घोषित किया गया है।