नई दिल्ली:– बाबा अमरनाथ की वार्षिक यात्रा के लिए देशभर में चार बैंकों की 533 शाखाओं में एडवांस पंजीकरण 14 अप्रैल से शुरू होगा। पंजाब नेशनल बैंक की 309 शाखाओं, जम्मू-कश्मीर बैंक की 91 शाखाओं, यस बैंक की 34 शाखाओं व स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की 99 शाखाओं में पंजीकरण होगा।
कितनी होगी पंजीकरण फीस?
जम्मू-कश्मीर में बीस शाखाओं में पंजीकरण होगा। पंजीकरण पहले की तरह आधार आधारित बायोमीट्रिक तरीके से ही होगा। इसकी फीस एक सौ पचास रुपये होगी। पंजीकरण के लिए स्वास्थ्य प्रमाणपत्र आवश्यक है।
इसके लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने बैंकों की शाखाओं की जानकारी, विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के अस्पतालों व चिकित्सा केंद्रों व डॉक्टरों की टीमों की जानकारी भी उपलब्ध करवा दी है, ताकि देशभर के श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के लिए स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनाकर एडवांस पंजीकरण करवा सकें।
13 से 70 साल तक के श्रद्धालु करवा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
एडवांस पंजीकरण के लिए आठ अप्रैल से या उसके बाद के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बना होना चाहिए। पंजीकरण करवाने वाले श्रद्धालु की आयु 13 साल से अधिक और 70 साल से कम होनी चाहिए। छह महीने की गर्भवती महिला श्रद्धालु भी यात्रा कर सकती हैं लेकिन इसके लिए डॉक्टर का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जरूरी है।
अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने ग्रुप पंजीकरण के लिए भी निर्देश जारी किए हैं। पांच या उससे अधिक श्रद्धालुओं के ग्रुप के पंजीकरण के लिए बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को रजिस्टर्ड डाक के जरिए आवेदन फार्म भेज कर पंजीकरण करवाया जा सकता है। यह 14 अप्रैल से शुरू होकर 31 मई तक चलेगा।
ग्रुप पंजीकरण की कितनी होगी फीस?
ग्रुप पंजीकरण के लिए आवेदन फार्म प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 मई है। यह पहले आओ पहले पाओ के आधार पर होगा और प्रतिदिन अधिकतम 30 पंजीकरण प्रति ग्रुप के होंगे। ग्रुप पंजीकरण के लिए एक ग्रुप लीडर आवश्यक दस्तावेज के साथ आवेदन फार्म जरिए बोर्ड को भेजेगा। इसके लिए प्रति यात्री 250 रुपये फीस लगेगी।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने एनआरआई और विदेशी श्रद्धालुओं के पंजीकरण के लिए भी नियम जारी किए हैं। कोई भी एनआरआई या विदेशी श्रद्धालु यात्रा के पंजीकरण के लिए अपने दस्तावेज सीनियर मैनेजर आईटी विभाग पंजाब नेशनल बैंक को भेज सकता है। इसकी जानकारी बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
एनआरआई या विदेशी श्रद्धालुओं के लिए कितनी है फीस?
एनआरआई या विदेशी श्रद्धालुओं के लिए प्रति यात्री पंजीकरण के लिए 1550 रुपये फीस लगेगी। ये फीस पंजाब नेशनल बैंक के खाते में जमा करवानी होगी।
इसके लिए आवेदन फार्म, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, वैध पासपोर्ट और स्कैन फोटोग्राफ चाहिए। छह राज्यों ने अभी जारी नहीं की डॉक्टरों की सूची अंडमान एंड निकोबार, आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दमन एंड दिय- दादरा नगर हवेली, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, कर्नाटक, केरल, लद्दाख, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय, मिजोरम, ओडिसा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल ने डॉक्टरों की सूची को जारी कर दिया है जबकि अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, लक्षद्वीप, मणिपुर, पुडुचेरी और सिक्कम ने अभी तक सूची जारी नहीं की है।
