नई दिल्ली:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक बड़ा उपहार दिया है. सरकार ने अगले स्तर के GST सुधारों का एलान किया है, जो आम जनता और देश की अर्थव्यवस्था दोनों के लिए लाभकारी साबित होंगे. भाजपा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट “X” के हैंडल से जानकारी दी है कि सरकार का जीएसटी स्लैब को लेकर क्या प्लान है?
सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया कि GST सुधारों के तहत टैक्स दरों को सरल और कम किया जाएगा. खासतौर पर आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स में बड़ी कटौती की जाएगी. अब जरूरी सामान जैसे कि ग्रॉसरीज, साइकिल, और शिक्षा पर GST दरें घटाकर 12% से 5% कर दी जाएंगी. इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों जैसे टीवी, एसी, फ्रिज आदि पर टैक्स दर को 28% से घटाकर 18% किया जाएगा.
यह सुधार सिर्फ आम कंज्यूमर के लिए राहत नहीं, बल्कि बाजार में नई ऊर्जा लाने वाला कदम भी है. वाहन और लग्जरी सामानों पर भी GST दरों में बदलाव होगा. खासकर, लग्जरी सामान और सिगरेट, गुटखा जैसे प्रोडक्ट्स अब 40% के GST स्लैब के तहत आएंगे.
भाजपा के अकाउंट से जारी पोस्ट में दावा किया गया कि ये सुधार “अधिक बचत, अधिक मुस्कान” लेकर आएंगे और हर भारतीय के लिए एक रोशन दिवाली सुनिश्चित करेंगे. यह कदम भारत की अर्थव्यवस्था को नयी दिशा देने और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है.
इन बदलावों से न केवल कंज्यूमर को राहत मिलेगी, बल्कि इंडस्ट्री और बाजारों में भी तेजी आने की उम्मीद है. इस दिवाली, देशवासियों के लिए यह GST सुधार एक बड़ा उपहार साबित होगा, जो उन्हें कारोबारी रूप से सशक्त बनाएगा और बाजार में नए अवसर पैदा करेगा.
