नई दिल्लीः– दिल्ली में पिछले दिनों हुई भगदड़ के बाद रेल प्रशासन से लेकर रेल मंत्री तक की नींद उचट गई है। महाशिवरात्रि पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेश का निरीक्षण किया है। महाशिवरात्रि व त्योहारी सीजन के मद्देनजर बड़ी संख्या में यात्रियों के आने की संभावना जताई जा रही है। स्टेशन पर पहुंचे कर रेल मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की।
महाशिवरात्रि से पहले मंगलवार को स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद एएनआई से बात करते हुए वैष्णव ने कहा कि यात्री व्यवस्था से खुश हैं। उन्होंने कहा, “होल्डिंग एरिया में 36 टिकट काउंटर हैं और ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें भी लगाई गई हैं। इसलिए यात्री स्टेशन के बाहर से ही टिकट खरीद सकते हैं। मैंने यात्रियों से बात की और वे इस व्यवस्था से खुश हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि यात्रियों की भारी संख्या के कारण ट्रेनें समय की जरूरत के हिसाब से चल रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष व्यवस्था की गई है। होल्डिंग एरिया बनाया गया है। होल्डिंग एरिया से टिकट लेने के बाद लोग लाइन में लग जाते हैं। रोजाना 3-4 स्पेशल ट्रेनों की जरूरत होती है और उसी हिसाब से ट्रेनें चल रही हैं।
उल्लेखनीय है कि 15 फरवरी को रात करीब 10 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मच गई थी, जब हजारों श्रद्धालु महाकुंभ 2025 उत्सव के लिए प्रयागराज जा रहे थे, जिससे स्टेशन पर भारी भीड़ हो गई थी। भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि 23 फरवरी को उत्तर रेलवे ने महाकुंभ के लिए प्रयागराज जाने वाले यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष कदम उठाए थे, जिससे दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रा की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित हुई।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि टिकट बिक्री की लाइव निगरानी के लिए एक अभिनव पद्धति का इस्तेमाल किया गया। सीपीआरओ उपाध्याय ने एएनआई को बताया, “दिल्ली रेलवे स्टेशन पर टिकटों की बिक्री की निगरानी एक नई अभिनव पद्धति के माध्यम से की गई। हर घंटे निगरानी की गई और प्रयागराज के लिए हर घंटे ट्रेनों की व्यवस्था की गई।
उन्होंने कहा कि हमारी मांग के आधार पर 5 ट्रेनें शुरू की गईं। इससे महाकुंभ के लिए आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिली है। आगे उन्होंने बताया कि “हमारे रेल मंत्री (अश्विनी वैष्णव) रेलवे बोर्ड के कमरे में मौजूद थे। जीएम उत्तर रेलवे और डीआरएम दिल्ली को स्टेशन पर तैनात किया गया था। वे भी स्थिति की लाइव निगरानी कर रहे थे।” चल रहे महाकुंभ में आखिरी बड़ा स्नान 26 फरवरी को महा शिवरात्रि पर होगा।
