अहमदाबाद:- क्रिकेट के मैदान में शिकस्त की चर्चा सियासत की पिच पर भी तेज हो गई है. मंगलवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुटीले अंदाज में राजनीतिक विश्लेषण किया है. उन्होंने टीम इंडिया के हार के पीछे का कारण बताया है. उन्होंने जो कहा, वो सुनकर हर कोई हैरान है. अखिलेश यादव ने कहा, जो मैच गुजरात में हुआ, वो अगर लखनऊ में होता तो उन्हें बहुत लोगों का आशीर्वाद मिलता.
अखिलेश ने आगे कहा, अगर मैच यहां होता तो टीम इंडिया को भगवान विष्णु और अटल बिहारी वाजपेयी का आशीर्वाद मिलता और भारत जीत जाता. अब सुनने में आ रहा है कि वहां की पिच में गड़बड़ थी. लोगों की जो तैयारी थी, वो भी आधी-अधूरी रह गई. अखिलेश ने यह भी तर्क दिया कि लखनऊ के स्टेडियम का नाम पहले इकाना था. ये भगवान विष्णु का नाम है. अब बीजेपी वालों ने अटल बिहारी बाजपेयी के नाम पर कर दिया. अगर लखनऊ में मैच होता तो भगवान के साथ-साथ अटल बिहारी वाजपेयी का भी आशीर्वाद मिल जाता और इंडिया जीत गई होती.
