नई दिल्ली:- पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एन.सी.आर. के इलाके में ठंड का भयानक रूप सामने आ रहा है। लगातार गिरता तापमान लोगों के स्वास्थ्य को काफी प्रभावित कर रहा है। इसके अलावा बात करें लगातार खराब हो रही हवा की गुणवत्ता की तो दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में हवा की क्वालिटी कई महीनों से लगातार खराब चल रही है। सर्दी के इस मौसम में वायु प्रदूषण हमारे स्वास्थ्य के लिए काफी खतरनाक साबित होता है। आपको बता दें कि यदि आप लंबे समय तक इस तरह के वातावरण में रहते हैं तो आप कई तरह की क्रोनिक डिजीज के शिकार हो सकते हैं। बढ़ती ठंड और खराब हवा हमारे लिए दोनों की हानिकारक हैं लेकिन जैसे ही बात इन दोनों की एक साथ आती है तो बेहद की खतरनाक कॉम्बिनेशन हो जाता है। आज इस लेख के माध्यम से हम आपको बताने जा रहे हैं कि कैसे सर्दी में वायु प्रदूषण ज्यादा खतरनाक हो जाता है, साथ ही जानिए इससे बचाव के उपाय..
क्यों ज्यादा खतरनाक हैं सर्दी में वायु प्रदूषण
हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो इस समय पूरे उत्तर भारत में शीतलहर चल रही है। इसके साथ बात करें दिल्ली एनसीआर की तो यहां का तापमान लगातार अपने निचले स्तर पर बना हुआ है। इसके साथ ही यहां की हवा की गुणवत्ता भी लंबे समय से खराब बनी हुई है। ऐसे में ये स्थिति यहां रह रहे लोगों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो कम तापमान और प्रदूषित वायु में सांस लेने से ब्रेन स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या का खतरा काफी हद तक बढ़ जाता है। ब्रेन स्ट्रोक अचानक होने वाली मौत का एक बड़ा कारण माना जाता है। इसके अलावा सर्दियों में जब तापमान काफी कम हो जाता है तो इस्केमिक स्ट्रोक की घटनाएं काफी होने लगती है। यही कारण कि ठंड के साथ प्रदूषण काफी चिंता को बढ़ाने वाला है।
क्यों बढ़ जाता है खतरा
चिकित्सा विशेषज्ञों की मानें तो ठंड में जब तापमान अचानक से नीचे आता है तो इसका हमारे शरीर पर काफी बुरा असर पड़ता है। इसके साथ ही सर्दी के कारण हमारे शरीर में मौजूद खून भी गाढ़ा हो जाता है। इसके अलावा हमारी ब्लड वेसल्स सिकुड जाती है। जिसके चलते हमारी धमनियों पर काफी दबाव बढ़ जाता है। जो कभी-कभी स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या का कारण बन जाता है। इसके अलावा महानगरों में रह लोगों को वायु प्रदूषण का खतरा भी ज्यादा रहता है, इसलिए जरूरी है कि प्रदूषण वाले इलाकों में रह लोग इस मौसम में अधिक सावधानी बरतें।
बचाव के लिए उपाय
ऐसे लोग जो हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से ग्रस्त हैं उनको सुबह और शाम घर से बाहर निकलने से परहेज करना चाहिए।
इसके अलावा जो लोग किसी तरह की क्रोनिक बीमारी से परेशान हैं वह भी इस मौसम में अपना ख्याल अधिक रखें।
यदि कोई बहुत जरूर काम न हो तो सुबह शाम अधिक ठंड में घर से निकलने से परहेज करना चाहिए।
प्रदूषण से बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि घर से बाहर हमेशा फेस मास्क लगाकर ही निकलें।
नियमित व्यायाम जरूर करना चाहिए और अपने शुगर, ब्लड प्रेशर जैसी समस्याओं को कंट्रोल में रखें।
