नई दिल्ली, 1 अप्रैल। देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में आ रही कमी के बीच गुरुवार को सक्रिय मामलों में 635 की गिरावट आई है और इसी के साथ इनकी संख्या 13,672 रह गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1,335 नये मामले सामने आये हैं, जिन्हें शामिल करते हुए कुल मामलों की संख्या चार करोड़ तीस लाख 25 हजार 775 हो गई है। इस दौरान 52 लोगों की महामारी से मौत हुई है, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,21,129 हो गई है। इसी अवधि में 1,918 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमणमुक्त होने वालों की संख्या कुल चार करोड़ 24 लाख 90 हजार 922 हो गई है। देश में कोरोना मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत, रिकवरी दर 98.76 प्रतिशत और संक्रमण दर 0.03 प्रतिशत है।
केरल में पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों में 239 की कमी आने के बाद इनकी संख्या घटकर 4003 रह गई। वहीं, 620 लोगों के स्वस्थ होने के बाद इससे निजात पाने वाले लोगों की संख्या 6460767 हो गई है, जबकि मृतकों का आंकड़ा 67913 हो गया है।
कर्नाटक में सक्रिय मामले 16 घटकर 1611 हो गए हैं। इस दौरान 93 मरीजों के ठीक होने से इस महामारी से निजात पाने वालों की कुल संख्या 3903849 हो गई है। वहीं राज्य में एक और मरीज की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 40054 पर पहुंच गया है।
असम में इस दौरान सक्रिय मामलों की संख्या एक घटकर 1353 हो गई है तथा इस महामारी से मुक्त होने वालों की कुल संख्या 716204 तक पहुंच गई है, वहीं मृतकों का आंकड़ा 6639 पर स्थिर रहा।
पूर्वोत्तर राज्य मिजोरम में आठ सक्रिय मामले कम होने के साथ इनकी संख्या 1040 रह गयी है। इस दौरान राज्य में 169 लोगों के स्वस्थ होने के बाद इस महामारी को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 222797 हो गई है। वहीं, राज्य में मृतकों का आंकड़ा 685 पर पहुंच गया है।
महाराष्ट्र में इस दौरान 37 सक्रिय मामले घटने के साथ इनकी संख्या 902 हो गई है। इस दौरान राज्य में 219 लोगों के स्वस्थ होने के बाद इस महामारी को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 7725339 हो गई है। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 147783 हो गया है। पश्चिम बंगाल में इस दौरान सक्रिय मामले 24 घटकर 612 रह गए हैं तथा मृतकों का आंकड़ा 21197 पर स्थिर है। राज्य में 1995539 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या दो बढ़कर 495 हो गई है और राज्य में अभी तक 429061 लोग इस जानलेवा वायरस से निजात पा चुके हैं। मृतकों का आंकड़ा 7691 पर स्थिर है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस दौरान कोरोना के सक्रिय मामले एक घटकर 458 हो गए हैं, जबकि 114 और मरीजों के स्वस्थ होने के बाद इस महामारी से मुक्त होने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1838360 तक पहुंच गई है। राजधानी में मृतकों का आंकड़ा 26152 है।
तेलंगाना में सक्रिय मामले 42 घटकर 420 रह गए हैं, जबकि मृतकों का आंकड़ा 4111 पर स्थिर है। इस महामारी से 786753 लोग निजात पा चुके हैं।
ओडिशा में कोरोना के सक्रिय मामले 398 हैं। राज्य में कोरोना मुक्त होने वालों की संख्या 1278121 हो गई है तथा मृतकों का आंकड़ा 9121 पहुंच गया है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना के 11 सक्रिय मामले बढ़कर 365 हो गए हैं और संक्रमण से निजात पाने वालों की कुल संख्या 2046868 हो गई है, वहीं मृतकों का आंकड़ा 23495 है।
तमिलनाडु में सक्रिय मामलों में 16 की कमी आने के बाद इनकी संख्या अब 306 रह गई हैं। कुल 3414494 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि मरने वालों की संख्या 38025 पर बरकरार है।
आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामले घटकर 251 रह गए हैं। राज्य में इस जानलेवा वायरस को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 2304551 हो गई है। मृतकों की संख्या 14730 पर स्थिर है।
राजस्थान में कोरोना के मामले 28 घटकर 222 हो गए हैं। कोरोना मुक्त होने वालों की संख्या 1273212 हो गई है तथा मृतकों का आंकड़ा 9552 तक पहुंच गया है।
मध्य प्रदेश में सक्रिय मामले नौ घटकर 136 हो गए हैं। राज्य में इस जानलेवा वायरस को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 1030240 हो गई है। राज्य में अभी तक 10734 लोगों की इस जानलेवा वायरस के संक्रमण से मौत हो चुकी है।
पंजाब में कोरोना सक्रिय मामले दस घटकर 116 हो गए हैं और संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या 741250 हो गई है। मृतकों का आंकड़ा 17741 पर स्थिर है।
गुजरात में सक्रिय मामले 46 घटकर 76 रह गए हैं तथा अब तक 121 2886मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। मृतकों की संख्या 10942 है।