नई दिल्ली:- इजरायल ने रविवार को आरोप लगाया कि यमन के हूती मिलिशिया ग्रुप ने दक्षिण लाल सागर में एक अंतरराष्ट्रीय मालवाहक जहाज को अपने कब्जे में ले लिया है, जो तुर्किये से भारत जा रहा था. तेल अवीव ने इसे ‘ईरान का आतंकवादी कृत्य’ और वैश्विक स्तर पर एक ‘बहुत गंभीर घटना’ बताया है. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि ब्रिटिश स्वामित्व वाले जापानी मालवाहक जहाज को ईरान के सहयोगी हूती लड़ाकों ने हाईजैक कर लिया. हमास ने हूती लड़ाकों को इस हाईजैक के लिए शुक्रिया बोला है.
अधिकारियों ने कहा कि जहाज पर कोई इजरायली नागरिक नहीं था. नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा, ‘ईरान का यह एक और आतंकवादी कृत्य है जो वैश्विक शिपिंग मार्गों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करता है.’ हूती ने भी शिप को हाईजैक करने की पुष्टि की है. हालांकि, इस मिलिशिया समूह ने इजरायली जहाज को अपने कब्जे में लेने का दावा किया है, लेकिन तेल अवीव ने इसे खारिज कर दिया. हूती ने एक बयान में कहा कि दक्षिणी लाल सागर से जहाज को यमन के बंदरगाह पर ले जाया गया है.
हमास ने शिप हाईजैक के लिए हूती लड़ाकों को कहा शुक्रिया
हमास के प्रतिनिधि ओसामा हमदान ने कहा, ‘यमनी विद्रोही संगठन हूती की ओर से यह एक स्वागत योग्य कदम है, और मेरा मानना है कि इजरायल द्वारा गाजा में किया गया अपराध हर वफादार को फिलिस्तीनी लोगों की रक्षा और समर्थन करने के लिए उत्सुक बनाता है. इसलिए, उन्हें मेरी शुभकामनाएं. लेबनान और इराक में लोगों ने इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन किया.
