नई दिल्ली/अहमदाबाद। भाजपा ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 12 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें गांधीनगर दक्षिण से अल्पेश ठाकोर को मैदान में उतारा गया है। बता दें अल्पेश ठाकोर 2017 के चुनाव के दौरान राज्य में भाजपा विरोधी आंदोलन के चेहरों में से एक ठाकोर 2019 में भाजपा में शामिल हो गए थे।
भाजपा ने अब तक तीसरी सूची के साथ 182 सदस्यीय राज्य विधानसभा चुनाव के लिए 178 सीट पर उम्मीदवारों का नाम घोषित कर दिया है। राज्य में दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को मतदान होना है।
भूपेंद्र पटेल ही राज्य के सीएम बनेंगे: शाह
गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार के नाम पर रुख साफ कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बहुमत के साथ सत्ता में आने पर भूपेंद्र पटेल ही राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे।
अमित शाह ने कहा कि यदि पार्टी गुजरात में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करती है तो भूपेंद्र पटेल राज्य के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
बता दें कि पटेल ने सितंबर 2021 में विजय रूपानी की जगह मुख्यमंत्री का पद संभाला था। वह भाजपा नेतृत्व का एक ऐसा कदम जिसने कई लोगों को चौंका दिया था। पटेल घाटलोडिया निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक बने हैं। उन्हें उसी सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।