उत्तराखंड:- उत्तर काशी में 41 जिंदगियों को बचाने की जद्दोजहद अब अंतिम पड़ाव में है. हालांकि, खबर आ रही है कि टनल में खुदाई कर रही अमेरिकी ऑगर मशीन में खराबी आ गई है. इसे ठीक करने के लिए दिल्ली से हेलिकॉप्टर के जरिए 7 एक्सपर्ट बुलाए गए हैं.
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह सिल्कयारा में सुरंग ढहने वाली जगह से किसी भी वक्त अच्छी खबर आ सकती है. अंदर फंसे मजदूरों के बाहर आते ही सबसे पहले मेडिकल चेकअप किया जाएगा. उसके बाद बाकी की प्रोसेस की जाएगी. यहां टनल में 12 नवंबर से मजदूर फंसे हुए हैं. बचावकर्मियों ने मलबे के बीच 45 मीटर तक चौड़े पाइप सफलतापूर्वक डाल दिए हैं.
अब सिर्फ कुछ मीटर की दूरी तय करना बाकी है. उसके बाद मजदूरों तक बचाव कर्मी पहुंच जाएंगे और उन्हें पाइप के जरिए बाहर लेकर आएंगे. मजदूरों तक पहुंचने के लिए बचावकर्मियों को कुल मिलाकर करीब 57 मीटर तक ड्रिलिंग करनी पड़ी. मलबे में 39 मीटर तक स्टील पाइप डाले गए हैं.
ऑगर मशीन में आई खराबी
उत्तरकाशी सुरंग में राहत बचाव कार्य का आज 12वां दिन हैं. अब सिर्फ 6-8 मीटर का दायरा ड्रिलिंग के लिए बाकी है. लेकिन ऑगर मशीन में कुछ खराबी के चलते उसे बंद कर दिया गया है. दिल्ली से 7 एक्सपर्ट हेलिकॉप्टर से उत्तरकाशी पहुंच रहे हैं. ऑगर मशीन में खराबी को ठीक करने के लिए हेलिकॉप्टर से एक और मशीन लाई गई है.
