नई दिल्ली: 19 नवंबर को होने वाले इस महामुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें टकराएंगी. दोनों ही टीमें अहमदाबाद के इस मैदान पर पहले भी कई मैच खेल चुकी हैं. टीम इंडिया का रिकॉर्ड यहां ठीक-ठाक रहा है लेकिन ऑस्ट्रेलियाई टीम यहां और ज्यादा बेहतर रही है.
भारतीय टीम ने 1984 से लेकर 2023 तक अहमदाबाद के इस मैदान पर कुल 19 मुकाबले खेले. इसमें भारतीय टीम को 11 मैचों में जीत और 8 मैचों में हार मिली. यानी जीत का प्रतिशत 57.89 रहा. कहा जा सकता है कि घरेलू मैदानों के हिसाब से भारतीय टीम का प्रदर्शन यहां औसत ही रहा है. उधर, ऑस्ट्रेलिया ने अब तक इस मैदान पर 6 मुकाबले खेले हैं और इनमें उसे 4 में जीत मिली है और दो में हार का सामना करना पड़ा है. यानी कंगारूओं का विनिंग परसेंट यहां 66.66 रहा है, जो टीम इंडिया से बेहतर है.
अहमदाबाद में तीन बार हो चुकी है भारत-ऑस्ट्रेलिया की टक्कर
अहमदाबाद के इस मैदान पर पहले भी भारत और ऑस्ट्रेलिया तीन बार टक्कर ले चुके हैं. अक्टूबर 1984 में पहली बार यहां दोनों टीमें टकराई थी. इस मुकाबले को कंगारुओं ने 7 विकेट से एकतरफा अंदाज में जीता था. इसके दो साल बाद ही दोनों टीमें फिर यहां टकराई. इस मैच में भारतीय टीम 52 रन से जीती. दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर आखिरी मैच मार्च 2011 में हुआ. तब भारतीय टीम 5 विकेट से विजय रही थी. यानी अहमदाबाद के इस मैदान पर हेड टू हेड मुकाबलों में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया पर हावी रही है.
पहले सरदार पटेल के नाम पर था स्टेडियम
अहमदाबाद के मोटेरा स्थित यह मैदान पहले लौहपुरुष सरदार पटेल के नाम था. इसे सरदार पटेल स्टेडियम या मोटेरा स्टेडियम कहा जाता था. साल 1984 में यहां पहली बार वनडे इंटरनेशनल खेला गया. हाल ही कुछ वर्षों में इस स्टेडियम को विशालकाय रूप दिया गया है. दर्शक क्षमता बढ़ाने के साथ ही पूरे स्टेडियम का कायाकल्प किया गया है.
