उत्तरप्रदेश। अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले ‘राम ज्योति’ देश के घर-घर में पहुंचाई जाएगी. आज इसकी शुरुआत हो गई है. अयोध्या से ‘राम ज्योति’ राजस्थान रवाना की गई है. इसे राजस्थान के 51 हजार मंदिरों के साथ घर-घर तक जाकर पहुंचाया जाएगा.
यही नहीं राजस्थान में रावण दहन भी इसी ‘राम ज्योति’ के जरिए किया जाएगा. इसी तरह देश के अन्य प्रदेशों में भी ‘राम ज्योति’ भेजी जाएगी. प्राण प्रतिष्ठा से पहले देश के माहौल को राममय बनाया जाएगा.
बता दें कि ये ‘राम ज्योति’ श्री राम जन्मभूमि मंदिर की ज्योति से प्रज्ज्वलित की गई है. इस ज्योति को अयोध्या से पहला जत्था लेकर राजस्थान रवाना हो गया है. यह ‘राम ज्योति’ राजस्थान के 51 हजार मंदिरों तक पहुंचाई जाएगी, जहां प्रत्येक मंदिर में 108 परिवारों को संकल्प दिलाया जाएगा. यह संकल्प दीपोत्सव तक ‘राम ज्योति’ को अखंड रखने और 108 दीपक जलाने को लेकर होगा.
हर घर अयोध्या के राम मंदिर की ‘राम ज्योति’ प्रज्वलित करने का लक्ष्य
इस कार्यक्रम को लेकर जगदीश पंचारिया ने कहा कि हम चाहते हैं कि इस बार हर घर दीपावली के अवसर पर अयोध्या के राम मंदिर की ‘राम ज्योति’ प्रज्ज्वलित हो. राजस्थान के 51000 मंदिरों में यह ज्योति हम डोर टू डोर लेकर जाएंगे. संभाग स्तर पर रथ यात्रा के माध्यम से इस ज्योति को पहुंचाएंगे
