बालोद:- नगर पंचायत गुरुर में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आयोजन में स्थानीय कांग्रेस विधायक संगीत सिन्हा की उपेक्षा की गई. कार्ड पर विधायक संगीता सिन्हा का नाम नहीं डाला गया. आरोप है कि मंडल अध्यक्ष कौशल साहू ने नाम डालने से मना कर दिया. नगर पंचायत गुरुर में नए अध्यक्ष के तौर पर प्रदीप साहू ने पार्षदों के साथ शपथ ग्रहण किया.
विधायक का नाम कार्ड पर नहीं लिखा गया: मुख्य नगर पंचायत अधिकारी श्रीनिवास पटेल से इस संबंध में सवाल किया गया. पटेल ने कहा कि मैंने तो प्रोटोकॉल के हिसाब से विधायक का नाम लिखने के लिए कहा था लेकिन मंडल अध्यक्ष कौशल साहू ने विधायक का नाम लिखने से मना कर दिया. कहा गया कि पार्टी का कार्यक्रम है. जब मंडल अध्यक्ष से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस विषय पर आप जिला अध्यक्ष से बात कर लीजिए. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उनके नेता की उपेक्षा की गई है.
सीएमओ से ही बात कर के बता पाऊंगी कि क्या हुआ है. मैं पूरे मामले की जानकारी जुटा रही हूं – प्राची ठाकुर, एसडीएम, गुरूर
कांग्रेस ने कसा तंज: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुरुर के अध्यक्ष तामेश्वर साहू ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह शासकीय आयोजन था. विकास के मुद्दे को लेकर सभी जनप्रतिनिधि आगे बढ़ रहे हैं ऐसे में विधायक को इग्नोर करना ठीक नहीं है. जानबूझकर नाम कटवाना भाजपाइयों की छोटी सोच को दर्शाता है जिसका हम विरोध करते हैं.