दुर्ग, 21 मार्च। बठेना में पांच लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में भाजपा मंडल स्तर पर सीएम का पुतला जलाने के बाद आज जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन कर रही है। इसी तारतम्य में भारतीय जनता पार्टी जिला दुर्ग द्वारा आज एक दिवसीय धरना हिंदी भवन के सामने दिया गया। दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र के बठेना में
पांच लोगों के अंधे कत्ल को लेकर यह धरना आयोजित किया गया, जिसमें शासन से मांग की गई कि तत्काल जांच कराएं मामला क्या था।

पिछले दिनों प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा था कि पांच लोगों के शव जिस हालात में मिले हैं, भाजपा विधायक दल और एससी मोर्चा की जांच समिति को लोगों ने जो बताया है, उसके मुताबिक हत्या की गंभीर आशंका है। कर्ज में दबे होने की भी बातें सामने आ रही हैं। इसके अलावा युवतियों से दुष्कर्म के बाद हत्या की भी आशंका है। सीएम के निर्वाचन क्षेत्र में यह दूसरी घटना है। इससे पहले खुड़मुड़ा हत्याकांड के आरोपियों को नहीं पकड़ा जा सका है।