नई दिल्ली:- संसद सत्र से पहले केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा में सभी दलों के नेताओं की शनिवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है.
संसद का शीतकालीन सत्र चार दिसंबर से शुरू होने जा रहा है और ये 22 दिसंबर तक चलेगा. इस बीच संसद की 15 बैठके होंगी.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस सत्र में औपनिवेशक दौर के आपराधिक क़ानूनों को बदलने वाले तीन बिल समेत अन्य महत्वपूर्ण क़ानूनों पर विचार किया जा सकता है.
संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी शनिवार ये मीटिंग लेंगे. माना जा रहा है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और वाणिज्य मंत्री पियूष गोयल इसमें शामिल हो सकते हैं. इस समय संसद में 37 विधेयक पेंडिंग हैं.
सरकार की ये भी योजना है कि साल 2023-24 के लिए अनुपूरक मांगों से संबंधित प्रस्ताव भी लोकसभा में पेश किए जाएं.
महुआ मोइत्रा के मामले की जांच कर रही एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट भी इसी संसद सत्र के दौरान पेश की जाएगी.
