उज्जैन : उज्जैन रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यहां खड़ी इंदौर-रतलाम पैसेंजर ट्रेन की बोगी में भीषण आग लग गई. यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है. आगजनी की इस घटना में एक बोगी पूरी तरह जल गई। राहत वाली बात ये रही कि जिस वक्त ये हादसा हुआ, उस समय ट्रेन खाली थी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया.
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार इंदौर-रतलाम-बीना पैसेंजर ट्रेन नागदा स्टेशन से उज्जैन शाम 7.40 पर प्लेटफार्म नंबर 5 पर आई थी। ये इसका आखिरी स्टॉपेज था। यात्रियों के उतरने के बाद ट्रेन को रात 8.40 बजे प्लेटफार्म क्रमांक 8 पर खड़ा कर दिया गया था।रात करीब 11.45 बजे ट्रेन की एक बोगी ने अचानक आग पकड़ ली। धुआं और लपटें निकलते देख आरपीएफ जीआरपी और रेलवे कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची।
कर्मचारी आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की चार दमकल प्लेटफार्म पर पहुंची।करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जीआरपी थाना प्रभारी आरएस महाजन ने बताया कि ट्रेन के सभी डिब्बे को बंद थे। इसलिए संभावना कम है किसी ने शरारत की हो। संभवतः शॉर्ट सर्किट से ट्रेन में आग लगी है। मामले की जांच की जा रही है।