भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में उठापटक और दलबदल का दौर जारी है। रविवार को कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के 2 पूर्व प्रत्याशी समेत 4 रिटायर्ड IAS, एक जज, पुलिस अधिकारी और एक डॉक्टर ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है।
2018 में खंडवा के पंधाना से कांग्रेस की प्रत्याशी रहीं छाया मोरे, सिहोरा से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी खिलाड़ी सिंह आर्मो, रिटायर्ड IAS कवीन्द्र कियावत, वेदप्रकाश शर्मा, रघुवीर श्रीवास्तव, रविन्द्र मिश्रा, मंडला से पूर्व न्यायाधीश प्रकाश उईके, सरदारपुर से पूर्व एसडीओपी राम सिंह मेडा, भगवानपुरा से शिशु रोग विशेषग्य डॉ हितेश मुजाल्दा ने बीजेपी का दामन थामा है। साथ ही युवा कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष आकांक्षा बघेल समेत धार, गंधवानी, मांधाता, भीकनगांव और मंडला से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी बीजेपी में शामिल हुए हैं। सभी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वीडी शर्मा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।
