देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत का हेलिकॉप्टर तमिलनाडु के कुन्नूर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। चौपर के क्रैश होने के बाद उसमें आग लग गई, जिसमें 4 अफसरों के शहीद होने की खबर है। इसके अलावा तीन लोगों को अस्पताल में पहुंचाया गया है। इस चौपर में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत के पत्नी मधुलिका रावत समेत कुल 14 लोग मौजूद थे। वायुसेना ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गये हैं। इस बीच, चेन्नई में रक्षा सूत्रों ने बताया कि इस दुर्घटना में चार अधिकारियों की मौत हो गई है। इसके अलावा तीन अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है। फिलहाल सीडीएस बिपिन रावत और उनकी पत्नी की हालत के बारे में कोई अपडेट सेना की ओर से नहीं दिया गया है। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जनरल बिपिन रावत के घर पहुंचे हैं। यही नहीं इस बारे में वह संसद में जानकारी भी देने वाले हैं।
तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन हेलिकॉप्टर क्रैश हादसे वाली जगह के लिए निकले हैं। वह मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेंगे। इस बीच एयरफोर्स के चीफ वीआर चौधरी भी दिल्ली से रवाना हुए हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत को ले जा रहे सेना के एक हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक समीक्षा बैठक को बीच में ही समाप्त कर दिया। यह हेलिकॉप्टर तमिलनाडु में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने बैठक स्थल से जाते हुए कहा, ‘हमें एक दुखद खबर मिली है। मैं स्तब्ध हूं। अपना दुख प्रकट करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैं इस बैठक को समाप्त कर रही हूं।’ मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘कुन्नूर से बेहद दुखद खबर आ रही है। हेलिकॉप्टर पर सवार सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनके परिवार के सदस्यों समेत अन्य की सलामती के लिए आज पूरा देश प्रार्थना कर रहा है। इस दुर्घटना में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’
सीडीएस जनरल बिपिन रावत के तमिलनाडु में चौपर क्रैश होने के मामले में कल संसद में बयान जारी करेगी सरकार। जनरल बिपिन रावत के घर भी पहुंचे थे डिफेंस मिनिस्टर राजनाथ सिंह।
इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक सीडीएस जनरल बिपिन रावत को इलाज के लिए ले जाया गया है। उन्होंने कहा, ‘सीडीएस जनरल बिपिन रावत के चौपर के हादसे का शिकार होने की खबर से दुखी हूं। मैं इस घटना के बारे में और जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहा हूं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक जनरल रावत को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।’
तमिलनाडु के वन मंभी के. रामचंद्रन घटनास्थल पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि मैं सीएम के आदेश पर यहां आया हूं। हेलिकॉप्टर में सवार 14 लोगों में 5 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा 2 लोगों की हालत गंभीर है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है।