
छतरपुर। छतरपुर में बुधवार को 5 साल का बच्चा बोरवेल में गिर गया। घटना ओरछा रोड थाना क्षेत्र के नारायणपुरा और पठापुर गांव के पास की है। बारिश की संभावना काे देखते हुए ग्रामीणों ने बोरवेल के ऊपर एक छतरी बना दी है। बच्चे की मां का रो-रोककर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छतरपुर के नारायणपुरा निवासी अखिलेश यादव का 5 साल का दीपेंद्र यादव बोरवेल में गिर गया है। वह परिवार के साथ खेत पर गया था, जहां खेलते-खेलते वह बोरवेल में गिर गया। ये घटना दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मासूम दीपेन्द्र यादव 40 फीट की गहराई पर फंसा है। इधर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है। पुलिस की टीम भी यहां पहुंची है। बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है, लेकिन बारिश आने से इसमें परेशानी आ रही है।