नई दिल्ली:- बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पीड़ित बिलकिस याकूब रसूल उर्फ बिलकिस बानो की प्रतिक्रिया सामने आई है। एक बयान में उन्होंने कहा: मेरे लिए सही मायने में आज नया साल है, मैं खुशी के आंसू रोई हूं, ये राहत के आंसू हैं। सालों बाद मैं हंसी हूं, बच्चे को गले लगाया है। बिलकिस ने आगे कहा कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे कि मेरे सीने से पहाड़ जितना बड़ा पत्थर हटाया गया है।
इस मामले पर बिलकिस बोलीं: मेरे साथ इस संघर्ष में मेरे पति, मेरे बच्चे और वकील शोभा गुप्ता थीं, जिन्होंने इन 20 सालों में साथ दिया। पिछले साल जब दोषियों की रिहाई हुई, मुझे लगा जैसे मैं हार गई, सारे दरवाज़े बंद हो गए लेकिन, लाखों लोगों ने मेरे लिए आवाज़ उठाई और सद्भावना प्रकट की।
आज मेरे दिल से जो आवाज़ निकल रही है, वह है कि सबसे ऊपर है कानून का राज, कानून के सामने सब बराबर हैं।
