इम्फाल, 10 मार्च। मणिपुर विधानसभा चुनाव की सभी 60 सीटों पर चुनावी रूझान सामने आ चुके हैं। प्रारंभिक रूझान के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 29 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस नौ सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार अभी तक के रूझान में हेंगांग सीट से मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह (भाजपा) कांग्रेस के पी शरतचंद्र सिंह से 14914वोटों से आगे चल रहे हैं।
मणिपुर के हेरोक विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा के थोकचोक राधेश्याम बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि नांबोल में राज्य कांग्रेस अध्यक्ष ए लोकेन भाजपा उम्मीदवार बसंत सिंह से पीछे चल रहे हैं।
लंगथाबल विधानसभा सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता ओ जॉय पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता के श्याम से आगे चल रहे हैं, वहीं वांगोई में कृषि मंत्री ओ लुखोई एनपीपी उम्मीदवार खुराइजम लोकेन सिंह से पीछे चल रहे हैं।
राज्य में 17 महिलाओं सहित 265 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला आज होगा।
गौरतलब है कि मणिपुर में 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 28, भारतीय जनता पार्टी ने 21, नागा पीपुल्स फ्रंट और नेशनल पीपुल्स पार्टी ने चार-चार सीटें जीती थीं। लोक जन शक्ति पार्टी, अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों को एक-एक सीट मिली थी।