नई दिल्ली।अहमदाबाद गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
मोरबी जिला गुजरात चुनाव में चर्चा में रहा। चुनाव से ऐन पहले हुए पुल हादसे की वजह से यह जिला सुर्खियों में था। इस हादसे में 135 लोगों की जान चली गई थी। जिले की टंकारा विधानसभा सीट पर भाजपा के दुर्लभजीभाई हरखजीभाई देथरिया ने कांग्रेस के ललितभाई कगथरा को 10,256 वोटों से हरा दिया। भाजपा उम्मीदवार को 83,274 वोट जबकि कांग्रेस को यहां 73,018 वोट मिले। तीसरे नंबर पर आप रही। इसके प्रत्याशी संजय भटासणा (पटेल) को 17,834 वोट मिले जो कुल वोट का 9.98 फीसदी रहा।
आप और बसपा उम्मीदवार समेत तीन की जमानत जब्त हो गई। नोटा को यहां 1,993 वोट मिले। टंकारा सीट पर 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जीत मिली थी। इस चुनाव में इस सीट से कांग्रेस ने ललितभाई कगथरा को अपना उम्मीदवार बनाया था। कगथरा ने भाजपा के राघवजीभाई जीवराजभाई गडरा को 29 हजार वोटों से हराया था। यहां कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे। इन दोनों के अलावा बाकी नौ उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।