मध्यप्रदेश। जयसिंहनगर सीट से बीजेपी के मौजूदा विधायक जयसिंह मरावी को पार्टी ने जैतपुर से अपना प्रत्याशी घोषित किया है. वहीं, जैतपुर से वर्तमान विधायक मनीषा सिंह को जयसिंहनगर से चुनावी मैदान में उतारा है.
जयसिंह मरावी साल 2013 में जैतपुर विधानसभा से ही विधायक थे. 2018 के चुनाव में पार्टी ने उन्हें जयसिंहनगर भेज दिया था. जहां उन्होंने विजय हासिल की. बीजेपी के वरिष्ठ नेता मरावी मध्यप्रदेश की 3 अलग-अलग विधानसभाओं से भाजपा के विधायक रह चुके हैं.
सीट बदलने के पीछे की वजह
दरअसल, जैतपुर सीट से मौजूदा विधायक विधायक मनीषा सिंह का क्षेत्र में भारी विरोध हो रहा था. विकास यात्रा और विकास पर्व में भी ग्रामीणों ने कई जगह विधायक का विरोध कर उन्हें गाड़ी तक से उतरने नहीं दिया. मनीषा का विरोध देखते हुए पार्टी ने जयसिंह मरावी को वापस जैतपुर विधानसभा भेज दिया. वहीं, मनीषा सिंह को जयसिंहनगर का प्रत्याशी बनाया है.
पता हो कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने सोमवार को अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बुधनी विधानसभा से ही टिकट दिया गया है. 57 नाम वाली इस सूची में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को दतिया और पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव को रहली सीट से कैंडिडेट बनाया गया है.
