धमतरी:- जिला पंचायत में भाजपा ने कब्जा जमा लिया है. अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही पदों पर भाजपा काबिज हो गई. खास बात ये रही कि दोनों पदों पर भाजपा समर्थित सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ. कांग्रेस की तरफ से किसी ने नामांकन ही दाखिल नहीं किया. धमतरी में कुल 13 जिला पंचायत क्षेत्र है. इनमें से 11 में भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए थे जबकि कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सिर्फ 2 सीटों पर ही जीत सके.
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत शुक्रवार को जिला पंचायत धमतरी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का निर्वाचन हुआ. जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा के अरुण सार्वा व उपाध्यक्ष पद पर गौकरण साहू निर्विरोध निर्वाचित हुए. जिला पंचायत धमतरी में भाजपा से 11 व कांग्रेस से दो सदस्य निर्वाचित हुए हैं. 7 मार्च को जिला पंचायत में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए प्रक्रिया शुरु की गई. इसके तहत निर्वाचन के लिए प्रथम सम्मेलन का आयोजन किया गया. इस दौरान जिला पंचायत सभा कक्ष में सभी 13 सदस्य मौजूद थे. इसके बाद 11:15 बजे से 11:50 बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा करने का समय दिया गया. जिसमें अध्यक्ष पद के लिए जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 12 से भाजपा समर्थित सदस्य अरुण सार्वा के नाम का पर्यवेक्षक मोतीलाल साहू ने ऐलान किया. उनके साथ समर्थक प्रस्तावक के रूप में धनेश्वरी साहू और अजय ध्रुव पहुंचे.
कांग्रेस की ओर से कोई नामांकन नहीं दाखिल होने पर अरुण सार्वा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया. उपाध्यक्ष पद के लिए जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 3 से भाजपा समर्थित सदस्य गौकरण साहू ने नामांकन भरा. उनका भी निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचन हो गया. इसके बादज भाजपाईयों ने खुशी जाहिर करते हुए जश्न मनाया. इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री व निगम महापौर रामू रोहरा, सभी जिला पंचायत सदस्य, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, पूर्व विधायक रंजना साहू,कविंद्र जैन सहित सहित बड़ी संख्या में भाजपाई व जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे.
धमतरी जिला पंचायत के 13 सीटों में से मात्र 2 सीट पर कांग्रेस सदस्य जीत कर आये हैं. जिसमें क्षेत्र क्रमांक 6 से कविता योगेश बाबर और क्षेत्र क्रमांक 4 से नीलम चन्द्राकर ने जीत दर्ज किया है. शेष 11 सीटों पर भाजपा समर्थित सदस्यों ने जीत दर्ज की है. अरुण सार्वा ने कहा कि विकास और विकास ही पहली प्राथमिकता होगी. केंद्र और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका उद्देश्य रहेगा.