मोतिहारी/ बिहार के मोतिहारी में शुक्रवार की शाम एक ईंट-भट्ठे की चिमनी में ब्लास्ट हो गया। इसके बाद चिमनी का ऊपरी हिस्सा टूटकर वहां काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया। मलबे में 25 लोग दब गए। हादसे के फौरन बाद आसपास के लोगों ने मजदूरों को निकाला, जिसमें 8 की मौत हो गई। 15 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 10 से अधिक लोग के लापता होने की सूचना है।
मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घटना करीब साढ़े चार बजे की है। घटना रामगढ़वा थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास हुई। चिमनी में इस साल का पहला फूंक हुआ था। जिसके लिए शुक्रवार शाम को भोज का आयोजन था। चिमनी करीब 2.30 बजे फूंका गया था। जिसकी खुशी में ग्रामीण व अन्य लोग वहां जामा थे। चिमनी से धुआं निकलते ही ब्लास्ट हो गया और उपरी हिस्सा करीब 30-40 फीट में टूटकर नीचे गिर गया।
जिससे नीचे बैठे लोग उसके मलबे में दब गए। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में लोगों को रक्सौल एसआरपी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। घटनास्थल पर डीएम के साथ एसडीओ और एसडीपीओ पहुंचे हैं। अधिकारी बेतिया से SDRF की टीम का इंतजार कर रहे हैं। उसके आने के बाद दबे हुए लोगों का रेस्क्यू शुरू किया जाएगा। चिमनी का बाकी आधा हिस्सा लटका हुआ है, इसकी वजह से वहां सभी डरे हुए हैं।
कई लोगों को रामगढ़वा हॉस्पिटल में भी भर्ती कराया गया तो बेहद गंभीर को रक्सौल के एसआरपी हॉस्पिटल में लाया गया। एक घायल ने बताया कि अचानक हुए धमाका से माहौल गमगीन हो गया। वहां 50-60 लोग काम कर रहे थे। डीएम एसके अशोक ने बताया कि 8 लोगों की मौत हुई है। दस लोग के मिसिंग होने की संभावना है। रेस्क्यू टीम को लगाया गया है। प्रथम दृष्ट्या चिमनी के कमजोर होने के कारण ब्लास्ट होकर टूटने की संभावना है। घटना की जांच कराई जाएगी।