मध्य प्रदेश:- सरकार की कैबिनेट बैठक शुक्रवार को महेश्वर में होगी। लोकमाता अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर होने वाली कैबिनेट बैठक में मोहन सरकार जनता के लिए सौगातों का पिटारा खोलेगी। CM मोहन यादव महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग समेत MP के 17 धार्मिक शहरों में शराबबंदी लागू करने की नीति पर मुहर लगाएंगे। महिलाओं को सशक्त बनाने वाले महिला कल्याण मिशन को भी मंजूरी मिल सकती है। टेक्सटाइल, कुटीर और ग्रामोद्योग को गति देने की दिशा में भी नए निर्णय लिए जा सकते हैं।
महेश्वर जानापाव सिंचाई परियोजना का होगा शिलान्यास
देवी अहिल्या बाई होल्कर की नगरी महेश्वर में 2025 की पहली डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक हो रही है। बैठक में 982 करोड़ की महेश्वर जानापाव सिंचाई परियोजना का शिलान्यास होगा। परियोजना से इंदौर, धार और खरगोन जिले के 120 से ज्यादा गांव के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। सीएम और कैबिनेट के मंत्रीगणों के मनोरंजन के लिए खरगोन की आदिवासी संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा यहां पर प्रसिद्ध स्थानीय व्यंजनों को भी परोसा जाएगा। कैबिनेट की बैठक के बाद महेश्वर में एक जनसभा का आयोजन होगा, जिसे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संबोधित करेंगे।
इन शहरों में होगी शराबंदी
मध्यप्रदेश सरकार ने नशा मुक्ति का सपना देखा है। युवाओं को शराब समेत अन्य नशे से दूर रखने की रूपरेखा बनाई है। सरकार आज की बैठक में नई शराब नीति को मंजूरी दे सकती है। इस फैसले से मैहर, दतिया, पन्ना, मंडला, मुलताई, मंदसौर, ओरछा, चित्रकूट, अमरकंटक, महेश्वर, ओंकारेश्वर, मंडलेश्वर, सलकनपुर, बांदकपुर, कुंडलपुर, बरमानकला, लिंगा और बरमानखुर्द समेत सभी धार्मिक नगरों में पूरी तरह शराबबंदी लागू की जाएगी। बाकी क्षेत्रों में सरकार चरणवार शराबबंदी पर सकारात्मक विचार कर सकती है।
CM मोहन यादव मां नर्मदा की करेंगे पूजा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव महेश्वर घाट पर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना करेंगे। देवी अहिल्या बाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। उनकी स्मृति में पौध लगाए जाएंगे। घाटों और नगर में जगह-जगह साज-सज्जा की गई है। मुख्यमंत्री महेश्वरी साड़ी तैयार करने वाली महिला बुनकरों से संवाद करेंगे। मंत्रि-परिषद के सदस्य लोकमाता देवी अहिल्या बाई के महल का अवलोकन करेंगे।
महिला सशक्तिकरण मिशन को हरी झंडी मिलने की संभावना
मोहन सरकार ने स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवा शक्ति मिशन शुरू किया था। गरीब कल्याण मिशन को पिछली कैबिनेट बैठक में मंजूरी मिल चुकी है। अब महिलाओं के उत्थान के लिए महिला सशक्तिकरण मिशन को हरी झंडी मिलने की संभावना है। मिशन में महिला स्व सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उपक्रमों में उनकी मदद लेने और महिलाओं को शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया जाना शामिल होगा।
