भिलाई:- छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने बीएसपी टाउनशिप क्षेत्र की जनता को हो रही मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर बीएसपी अधिकारियों के साथ बैठक की. इस बैठक में बिजली कटौती, बैकलाइन की खराब स्थिति और नालियों की सफाई के मुद्दे पर चर्चा हुई.
बीएसपी टाउनशिप में बिजली की समस्या: विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि टाउनशिप क्षेत्र में इन दिनों बिजली की समस्या गंभीर हो गई है. आंधी तूफान के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने में बीएसपी को काफी समय लग जाता है, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
लीज धारकों को मिले अधिकार”: विधायक यादव ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बीएसपी टाउनशिप क्षेत्र में लीज धारकों के पंजीयन की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिससे हजारों परिवारों को मालिकाना हक मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन सरकार बदलते ही यह प्रक्रिया धीमी पड़ गई है. उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि पंजीयन प्रक्रिया को फिर से गति दी जाए और लीज धारकों को उनका अधिकार मिले.
भाजपा पर निशाना: विधायक ने बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आते ही लगभग 60 से 70 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को रोक दिया गया है. यह भिलाई की जनता के साथ अन्याय है. ऐसी उपेक्षा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जनता की मूलभूत सुविधाओं की लड़ाई सड़क पर उतर कर लड़ी जाएगी.
पत्रकारों से मारपीट की निंदा: देवेंद्र यादव ने रायपुर में पत्रकारों के साथ हुई मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार हुआ है कि पत्रकारों को मुख्यमंत्री निवास के सामने जमीन पर बैठना पड़ा. यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतंत्र के लिए खतरा है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सुशासन है या गुंडागर्दी. उन्होंने आश्वस्त किया कि कांग्रेस और वे स्वयं पत्रकारों के साथ खड़े हैं और हर संभव समर्थन देंगे.