नई दिल्ली:– महिलाएं और रुद्राक्ष
रुद्राक्ष को बहुत ही शुभ व फलदायी माना गया है. कहते हैं कि इसे धारण करने से व्यक्ति को सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है. लेकिन कई बार लोगों के मन में सवाल आता है कि महिलाएं रुद्राक्ष पहन सकती हैं या नहीं?
भगवान शिव को प्रिय है रुद्राक्ष
शिव पुराण में भगवान शिव व उनकी प्रिय चीजों का जिक्र किया गया है. बेलपत्र, धतूरा, सर्प के अलावा रुद्राक्ष भी भोलेनाथ को बहुत प्रिय है. कथाओं के अनुसार रुद्राक्ष भगवान शिव की आंख से गिरा आंसू है. इसे ग्रहण करने से व्यक्ति के सभी कष्ट मिट जाते हैं.
कैसा होता है रुद्राक्ष?
रुद्राक्ष के पेड़ की बात करें तो यह एक कठोर तने वाला वृक्ष होता है. जिस पर सफेद रंग के फूल उगते हैं. इसमें एक फल लगता है जो कि शुरुआत में हरा, फिर पकने के बाद नीला और सूखने के बाद काला हो जाता है. इस काले फल की गुठली रुद्राक्ष होती है. जिसकी धारियां बताती है कि वो कौन सा रुद्राक्ष है.
कितने प्रकार का होता है रुद्राक्ष?
रुद्राक्ष पर एक से लेकर चौदह धारियां होती है. इन्हीं धारियों की संख्या के आधार पर रुद्राक्ष को नाम दिया जाता है. जैसे एक धारी वाले रुद्राक्ष को एकमुखी, दो धारी वाले रुद्राक्ष को दोमुखी और पांच धारी वाले रुद्राक्ष को पंचमुखी कहते हैं.
क्या महिलाएं रुद्राक्ष पहन सकती हैं?
सामान्य तौर पर कम ही महिलाओं को रुद्राक्ष पहने हुए देखा जाता है. केवल साधवी महिलाएं ही रुद्राक्ष धारण करती हैं. शास्त्रों के अनुसार महिलाएं रुद्राक्ष धारण कर सकती हैं और उनके लिए यह बहुत ही फायदेमंद होता है.
रुद्राक्ष पहनने के नियम
यदि महिलाएं रुद्राक्ष पहनती हैं तो उन्हें इसके नियमों का ध्यान रखना चाहिए. साथ ही शुद्धता का विशेष तौर पर ध्यान रखना जरूरी है. जैसे मासिक चक्र के दौरान रुद्राक्ष की माला को उतार देना चाहिए और फिर शुद्ध करके दुबारा पहनना चाहिए.
महिलाओं के लिए कौन-सा रुद्राक्ष?
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार महिलाओं के लिए एकमुखी, दोमुखी और तीनमुखी रुद्राक्ष अधिक शुभ होता है. अगर कोई महिला हाथ में रुद्राक्ष पहनना चाहती है तो बांए हाथ में पहनना चाहिए. हाथ में रुद्राक्ष पहनने से स्त्री में ऊर्जा का संतुलन बना रहता है.
रुद्राक्ष धारण करने की विधि
रुद्राक्ष धारण करने से उसे भगवान शिव के समक्ष अर्पित करें और कुछ समय वहीं रहने दें. इसके बाद 11 बार ओम नम शिवाय मंत्र का जाप और रुद्राक्ष धारण करें. लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि रुद्राक्ष धारण करने से पहले किसी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें. क्योंकि रुद्राक्ष समय और राशि के अनुसार पहनना शुभ माना जाता है.
