बीजापुर:- बस्तर संभाग में बीते तीन दिनों से बारिश हो रही है. बीजापुर में सोमवार देर रात से झमाझम बारिश का दौर जारी है. इस वजह से पूरे जिले में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है. भारी बारिश के चलते चेरपाल नदी में आई बाढ़ की वजह से करीब 100 गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है. बाढ़ के कारण बीजापुर के कई ग्रामीणों इलाकों में स्थिति भयावह है.
सड़क यातायात बुरी तरह बाधित: बारिश का दौर लगातार जारी होने की वजह से चेरपाल नदी में बाढ़ आ गई है. इस दौरान मंगलवार को रपटा पार करते समय एक ग्रामीण के बह जाने की खबर भी सामने आई. स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है. कई जगह तो सड़क यातायात बाधित हो गया है. नदी की पुलिया के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं. वहीं दूसरी ओर इंद्रावती नदी के मरकापाल घाट में फंसे ग्रामीण कृष्णा जुर्री को एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सकुशल निकाल लिया है.
लोगों की प्रशासन से अपील: एहतियातन नदी के किनारे बसे घरों को खाली करवाया जा रहा है और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के आसपास न जाएं. इसके साथ ही प्रशासन ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है. लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की भी अपील की गई है.
मौसम विभाग की चेतावनी: मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों में और अधिक बारिश की संभावना जताई जा रही है. बीजापुर में जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम लगातार मोर्चा संभाले हुए है.
