बिलासपुर। जिले में नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम रांक का है।
मिली जानकारी के अनुसार रांक निवासी विजय रात्रे की शादी करीब 10 माह पहले ग्राम नरगोड़ा की रहने वाली रितू रात्रे से हुई थी। रितू अपने मायके गई थी। मंगलवार को पति उसे मायके से लेकर घर आया। शाम करीब 7 बजे वह शराब के नशे में अपने घर पहुंचा और पत्नी से विवाद करने लगा। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि विजय ने अपनी पत्नी रितू का गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद विजय फरार हो गया था।
बहु की मौत की बात को ससुराल वालो ने पूरी रात छुपाये रखा और सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने मृतिका के घर वालो को बताया। मायके वाले पहुंचे, तब उन्हें संदेह हुआ और पुलिस को हत्या की खबर दी। पुलिस की डायल 112 की टीम गांव पहुंची और इस घटना के बाद से फरार विजय की तलाश कर उसे पकड़कर सीपत थाने के हवाले कर दिया। वही ससुराल पक्ष वालो का कहना है कि रितु ने फांसी लगाई है। हमने उसका शव फांसी के फंदे से उतारा है।
वही पुलिस इस मामले को संदिग्ध बता रहे हैं। उनका कहना है कि सुबह 8 बजे कोटवार से सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची। बताया गया कि नवविवाहिता ने फांसी लगा ली थी। जिस पर शव को नीचे उतार लिया गया था। पुलिस परिजन से पूछताछ कर जानकारी जुटा जा रही है। चूंकि, मृतका नवविवाहिता है, इसलिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।