बिलासपुर में ट्रांसपोर्टर के घर में पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। मकान में पेट्रोल डालकर आग लगाने वाली इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन युवक बोतल में पेट्रोल डालते और माचिस जलाकर आग लगाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, आगजनी की इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन, आग घर के अंदर तक पहुंच जाता, तो गंभीर हादसा हो सकता था।
इधर, ट्रांसपोर्टर ने कहा है कि उनके परिवार को जिंदा जलाने की योजना बनाई गई थी। कुछ दिन पहले उन्हें कोयला कारोबारियों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है।
तिफरा के यदुनंदननगर स्थित गौर कॉलोनी में रहने वाली रेखा सिंह (42) गृहणी हैं। उनके पति अनिल सिंह ट्रांसपोर्टर हैं। गुरुवार की रात वे अपने बच्चों के साथ सो रही थीं। सुबह 6 बजे उनकी नींद खुली तो उनके मकान के सामने के तीन गेट जल गए थे। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे का तार, प्लाई और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गए थे। उन्होंने इसकी जानकारी अपने पति के साथ ही पुलिस को दी थी।