रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मणिपुर में असम राइफल्स के जवानों पर उग्रवादी हमले की कड़ी निंदा की है।
हमले में कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी अनुजा त्रिपाठी और पुत्र अबीर तथा चार अन्य जवान शहीद हुए हैं।
श्री बघेल ने दुख जताते हुए कहा, “मैं इस कायराना हमले की निंदा करता हूँ। सभी शहीदों की शहादत को कोटि-कोटि नमन। शोक संतप्त परिजनों को ईश्वर संबल दे। ओम शांति।”
कर्नल विप्लव त्रिपाठी छत्तीसगढ़ में रायगढ़ के रहने वाले थे। वह रायगढ़ से प्रकाशित एक हिन्दी दैनिक के संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार सुभाष त्रिपाठी के पुत्र थे।