रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अपील पर राज्य में कोरोना को हराने में मदद के लिए विभिन्न संगठन और सामाजिक संस्थाएं बढ़-चढ़ कर भागीदारी निभाने आगे आने लगे हैं। इस कड़ी में मंगलवार को मुख्यमंत्री बघेल को राजधानी रायपुर के विभिन्न औद्योगिक संस्थानों और क्रेडाई, बैंक आदि प्रतिष्ठानों ने 1 करोड़ 39 लाख 75 हजार रुपए की राशि के राहत सामग्री प्रदत्त किए।
मुख्यमंत्री बघेल ने राज्य में कोरोना नियंत्रण के लिए शासन के साथ विभिन्न संगठनों के सहयोग की सराहना की। उनसे अपने निवास कार्यालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना की स्थिति पर नियंत्रण के लिए सरकार की ओर से हर आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। इसके तहत मरीजों की तत्परता से इलाज सुविधा के लिए अस्पतालों में बेडों की संख्या में निरंतर वृद्धि की जा रही है। इसके साथ ही कोविड सेंटर और क्वारेंटीन सेंटर भी तेजी से खोले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में शासकीय हो या निजी अस्पताल कहीं भी ऑक्सीजन बेड की कमी नहीं है।
इनकी अभी पर्याप्त उपलब्धता तय हो गई है। इसी तरह एक-दो दिन के भीतर राज्य में रेमडेसीवीर इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता तय कर ली जाएगी। मुख्यमंत्री बघेल से गोयल टीएमटी से संदीप गोयल, क्रेडाई से आनंद सिंघानिया, उरला स्पंज आयरन एसोसिएशन से मनोज अग्रवाल, हीरा ग्रुप से विनोद पिलई, बजरंग ग्रुप स बजरंग अग्रवाल आदि ने भी वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की। उन्होंने राज्य में कोरोना नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इन संस्थानों के माध्यम से अभी 69 लाख 75 हजार रुपए की राशि के 155 ऑक्सीजन कोनसेंटेटर और 70 लाख रुपए की राशि के 350 ऑक्सीजन सिलेंडर की राहत सामग्री प्राप्त हुई है।