रायपुर:- औरंगजेब विवाद के बीच सीएम विष्णुदेव साय ने शनिवार की शाम को फिल्म छावा देखी. उनके साथ डिप्टी सीएम विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप मौजूद रहे. इस दौरान उन्होंने छावा फिल्म की प्रशंसा की. सीएम विष्णुदेव साय ने फिल्म की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज हम फिल्म छावा देखने आए हैं. यह शिवाजी के पुत्र संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म है.
सीएम ने संभाजी महाराज की तारीफ की: सीएम विष्णुदेव साय ने संभाजी महाराज की तारीफ की और कहा कि उन्होंने देश के लिए कितनी बहादुरी से लड़ाई लड़ी, अपनी जान दी. उन्होंने अपने धर्म के साथ विश्वासघात नहीं किया. उन्होंने इस्लाम स्वीकार नहीं किया.यही पूरी फिल्म की सीख है.
शिक्षा पाठ्यक्रमों में छेड़खानी की गई. मैकाले की शिक्षा पद्धिति में हमारे असली सम्राट और राजाओं के पराक्रम को छिपाया गया.
मुगलकालीन शासकों को इतिहास को प्राथमिकता दी गई. अब हमारे असली राजा और असली हीरो सामने आ रहे हैं. हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री यह काम कर रहे हैं- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
पीएम मोदी ने भी की छावा की तारीफ: इससे पहले पीएम मोदी ने भी छावा फिल्म की तारीफ की थी. उन्होंने नई दिल्ली में 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के दौरान फ़िल्म की प्रशंसा करते हुए छावा की सफलता को मान्यता दी. पीएम मोदी ने सिनेमा में महाराष्ट्र के योगदान को स्वीकार करते हुए कहा कि, और इन दिनों तो छावा की धूम मची हुई है. उन्होंने मराठी लेखक शिवाजी सावंत के उपन्यास छावा को भी संभाजी महाराज की विरासत को सामने लाने का श्रेय दिया.
छावा फिल्म के बारे में जानिए: छावा फिल्म लक्ष्मण उतेकर द्वारा निर्देशित छत्रपति शिवाजी के पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज की कहानी है. यह कहानी उनके धर्म और देश की रक्षा में उनके साहस के इर्द-गिर्द घूमती है. छावा ने बॉक्स ऑफिस पर असाधारण प्रदर्शन किया है, जो पहले ही 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित लक्ष्मण उटेकर निर्देशित इस फिल्म में रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना भी मुख्य भूमिकाओं में हैं. छावा विक्की कौशल की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई है, जिसने उनकी पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्मों: उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक, राजी, सैम बहादुर और ज़रा हटके ज़रा बचके को पीछे छोड़ दिया है.