लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी शुक्रवार को कानपुर पहुंचे। यहां कॉलेज ग्राउंड में आयोजित किए गए प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने बदमाशों को खुली चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि, ‘अब कोई अपराधी जो पहले एक चौराहे पर बहन-बेटी को छेड़ता हो। दूसरे चौराहे पर डकैती डालने की गुस्ताखी करता हो। अब नहीं कर सकेगा, क्योंकि CCTV कैमरा एक-एक गतिविधि को कैद करके रखेगा।’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, ‘यदि किसी ने एक चौराहे पर शरारत की या डकैती डाली, तो अगले चौराहे पर भागने से पहले ही वह तमाम तस्वीरें दर्ज हो जाएंगी। अगले चौराहे पर पहुंचते-पहुंचते पुलिस उसे ढेर कर चुकी होगी।’ सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, ‘कानपुर ने अपने उद्योग के लिए अलग पहचान बनाई है। कुछ लोगों की निगाहें कानपुर पर रहीं और ये शहर दुर्व्यवस्था का शिकार हो गया। कानपुर की पहचान मोक्षदायनी के तौर पर बनी। पीएम मोदी ने स्वयं कानपुर आकर गंगा में गिरने वाले सीसामऊ नाले को बंद कराया। नाले को सेल्फी पॉइंट में तब्दील कर दिया गया। नमामि गंगे प्रोजेक्ट का सबसे क्रिटिकल पॉइंट कानपुर था। आज मैं कह सकता हूं कि कानपुर में किए गए प्रयोग के बाद प्रयागराज में गंगा भी आचमन के योग्य हो चुकी है।