कोरबा: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार को कोरबा प्रवास पर रहे. इस दौरान उन्होंने कोरबा जिले में 223 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया. रिसदी में पिछले लगभग 8 साल से निर्माणाधीन कन्वेंशन हॉल का नामकरण रानी अहिल्याबाई कन्वेंशन हॉल के तौर पर किया. सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के आरएसएस के एक कार्यक्रम में भी वह शामिल हुए. इसके बाद मीडिया से चर्चा के दौरान अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को दु:खद बताया. मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल को वह टाल गए.
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वागत किया गया. मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव साथ आए. हेलीपेड पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, आईजी संजीव शुक्ला शाहिद प्रशासनिक अधिकारी और भाजपाई मौजूद रहे.
अहमदाबाद दुर्घटना की विस्तृत जानकारी नहीं आई : सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि आज ही गुजरात के अहमदाबाद में एक दुखद घटना घट गई है. एक विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था जो दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. इसकी विस्तृत जानकारी अभी नहीं आई है. सिर्फ इतना पता है कि इसमें 242 लोग सवार थे. उन लोगों के साथ क्या हुआ, वह कैसे हैं इसकी जानकारी ली जा रही है.
सीएम साय ने कहा कि कोरबा में 223 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है. 17 करोड़ से निर्मित एक कन्वेंशन हॉल का नामकरण पुण्यश्लोक लोकमाता रानी अहिल्याबाई के नाम पर किया गया है. जिसका लाभ जिलेवासियों को मिलेगा. इसके लिए मैं कोरबा जिले के लोगों को बधाई देता हूं. मुख्यमंत्री से जब मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं पर सवाल किया गया, तब उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया.
रानी अहिल्याबाई के जीवन पर डाला प्रकाश: कन्वेंशन हॉल में अपने उद्बोधन के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव ने रानी अहिल्याबाई के जीवन पर प्रकाश डाला. उन्होंने संस्मरण सुनाए. साव ने कहा कि रानी अहिल्याबाई का शासन बेहद न्यायप्रिय और निष्पक्ष था. उन्होंने देश में धर्म की रक्षा के लिए कई मंदिरों की स्थापना की. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी अहिल्याबाई से जुड़े इतिहास की जानकारी दी और बताया कि ससुर के देहांत के बाद उन्होंने रियासत की बागडोर संभाली. तीन दशक तक उनका शासन चला और वह बेहद शानदार रहा.
कन्वेंशन हॉल के आधुनिकीकरण की भी घोषणा: मुख्यमंत्री ने कन्वेंशन हॉल के विस्तार के लिए राशि की घोषणा भी की. उन्होंने कहा कि फिलहाल यहां एसी नहीं लगे हैं. इस कन्वेंशन हॉल के आधुनिकीकरण और एसी लगाये जाने की भी घोषणा करता हूं. आने वाले समय में यह काम भी पूरा किया जाएगा.
विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले को 223 करोड़ से अधिक के लागत के कई विकास कार्यों की सौगात दी. 199 करोड़ से अधिक राशि के 50 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन, 24 करोड़ से अधिक राशि के 16 कार्यों का लोकार्पण किया.
16 लोकार्पण कार्यों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग अंतर्गत 15 करोड़ 06 लाख 77 हजार लागत के 11 कार्य. स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत भैसमा, कुदमुरा और पसान में 75-75 लाख की लागत से नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण, नगर पालिक निगम कोरबा के अन्तर्गत 03 करोड़ 58 लाख की लागत से स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय एनसीडीसी कोरबा में नवीन भवन/जीर्णोद्धार कार्य, क्रेड़ा विभाग अन्तर्गत 03 करोड़ 20 लाख 70 हजार 920 रुपये की लागत से कोरबा जिले के 47 छात्रावासों/आश्रमों में 2.4 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापना कार्य शामिल हैं.