बिलासपुर: शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पेइंग गेस्ट के तौर पर रहनी वाली जांजगीर चांपा निवासी 22 वर्षीय कॉलेज स्टूडेंट युवती की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार युवती के ही जिले के बाराद्वार के डेरागढ़ निवासी मनीष साहू से उसकी जान-पहचान फिर दोस्ती हुई। कुछ दिनों के बाद दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। कुछ वक्त के बाद दोनों का ब्रेकअप हो गया। बीते बुधवार की सुबह लड़की रूम में थी, तभी युवक वहां पहुंच गया। इस दौरान वह युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश करने लगा। उसके मना करने पर गाली-गलौज किया फिर बेरहमी से पिटाई की।
युवती ने पुलिस बताया कि मनीष साहू ने उसकी इतनी बेरहमी से पिटाई की थी कि वह दो दिन तक डरी-सहमी रही और खुद को कमरे में बंद कर लिया। घबराहट और बदनामी के डर से वह किसी से कुछ नहीं बोल पा रही थी। इधर शुक्रवार को उसने हिम्मत कर सारा घटनाक्रम अपने भाई को बताया, जिसके बाद वह सिविल लाइन पुलिस तक आ पाई।
युवती ने पुलिस को बताया कि तीन साल पहले वह मनीष साहू के संपर्क में आई थी, फिर दोनों का ब्रेकअप हो गया। फिलहाल उससे कोई वास्ता नहीं है। मनीष पहले भी रूम में आया करता था। घटना के दिन सुबह करीब 10.30 बजे वह कमरे में घुस गया। वह बातचीत के दौरान दूसरे लड़के से बात करने से मना करने लगा और गुस्से में आ गया। फिर मारपीट की। जिससे उसके शरीर में कई जगह चोटें भी आई हैं और आंख सूज गई है। युवती ने हेल्प के लिए अपने मोबाइल से कॉल करना चाहा तो युवक ने मोबाइल को पटक कर तोड़ दिया। दो दिन बाद उसने घटना की जानकारी अपने भाई को दी। फिर वह सिविल लाइन थाने पहुंची।