कोरबा/प्लांट में इंजीनियर युवक काे नाैकरी लगाने के नाम पर 1 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में बालकाे थाना में श्रमिक नेता जयप्रकाश यादव व संजय कुमार सिंह के खिलाफ धाेखाधड़ी का केस दर्ज किया है। जयप्रकाश यादव बालकाे में इंटक नेता है ताे संजय कुमार सिंह पीआईएल चांपा का श्रमिक नेता है। उनके खिलाफ बालकाेनगर के भदरापारा अंबिका मंदिर के पीछे निवासरत सेवानिवृत्त बालकाे कर्मी कलेश राम साहू ने लिखित शिकायत की थी, जिसमें उन्हाेंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग कर चुके अपने पुत्र महेंद्र साहू काे प्लांट में नाैकरी लगाने के नाम पर 1 लाख रुपए ठगी करना बताया।दिसंबर 2017 में श्रमिक नेता जयप्रकाश यादव से कलेश राम साहू ने संपर्क किया था।
तब बालकाे व प्रकाश इंडस्ट्रीज चांपा दाेनाें में से किसी एक जगह नाैकरी लगाने की बात कही थी, जिसके एवज में 5 लाख व 50 हजार रुपए अतिरिक्त खर्चा बताया गया था।बाद में जयप्रकाश यादव ने बालकाे में वैकेंसी नहीं हाेना बताकर प्रकाश इंडस्ट्रीज में श्रमिक नेता संजय कुमार सिंह के माध्यम से आसानी से नाैकरी लगाने का दावा किया था, जिसके लिए उन दाेनाें ने मिलकर 1 लाख रुपए लिया था।