राजनांदगांव: कांग्रेस ने एक और नगर पंचायत पर अपना कब्जा जमाया है। छुईखदान नगर पंचायत में गुरुवार को वोटिंग हुई, जिसमें 9-6 से कांग्रेस ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद जीत लिया। कांग्रेस समर्थित महिला अध्यक्ष निर्वाचित हुई।
इसके पहले गंडई नगर पंचायत में भी कांग्रेस अध्यक्ष पद पर 11-4 से कब्जा कर चुकी है। दोनों ही जगहों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
बुधवार को नगर पंचायत चुनाव के लिए छुईखदान पहुंचे पर्यवेक्षक शाहिद खान ने कहा था कि बीजेपी के दो निष्कासित पार्षदों के कांग्रेस प्रवेश के बाद पार्टी का अध्यक्ष बनना तय है। राजनांदगांव जिला प्रभारी अरुण सिसोदिया ने कहा कि पिछले महीने हुए विधानसभा उप चुनाव में छुईखदान की जनता ने कांग्रेस के प्रति अपना विश्वास दिखाया था। नगर का विकास दो साल से रुक गया था। कांग्रेस की अध्यक्ष बनते ही यहां अब चौतरफा विकास होगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगर पंचायत के विकास के लिए पहले ही तीन करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी है। बता दें कि विगत सात मार्च को हुए अविश्वास प्रस्ताव में नगर पंचायत में भाजपा की अध्यक्ष को बहुमत रहते हुए भी तीन ही वोट मिले थे, जिसके बाद आज नगर पंचायत में अध्यक्ष का चुनाव हुआ।