नई दिल्ली :- आगामी लोकसभा चुनाव में धारवाड़ से केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान करने वाले प्रमुख संत का समर्थन करने पर कांग्रेस विचार कर रही है।
शिरहट्टी फक्किरेश्वर मठ के फकीरा दिंगलेश्वर स्वामी ने जोशी पर वीरशैव-लिंगायत और अन्य समुदायों को ‘दबाने’ और सत्ता में बने रहने के लिए लिंगायत ‘मठों’ का दुरुपयोग करने व उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया था।कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को एक सवाल के जवाब में कहा कि हम विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि पार्टी ने पहले ही धारवाड़ सीट से अपने उम्मीदवार विनोद आसुती के नाम की घोषणा कर दी है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि कुछ भी चोरी-छिपे नहीं होगा। हम चाहेंगे तो सीधे समर्थन देंगे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वह मुख्यमंत्री सिद्दरमैया से बात करेंगे।
कर्नाटक के सीएम ने फर्जी खबर फैलाने पर दर्ज कराई शिकायत कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विधि प्रकोष्ठ के माध्यम से फर्जी खबर फैलाने पर बुधवार को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा-जद गठबंधन से समर्थित शरारती तत्वों ने कन्नड अखबार की रिपोर्ट से फर्जी खबर तैयार की है। मुख्यमंत्री सिद्दरमैया ने आरोप लगाया कि निष्पक्ष चुनाव लड़ने के बजाय भाजपा और जद चुनाव जीतने के लिए इस प्रकार के हथकंडे अपना रही है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।