नई दिल्ली:- असम, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, केरल, उत्तराखंड समेत 14 राज्यों में 48 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है. केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रियंका गांधी ने भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज की.
महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट से भाजपा के डॉ. संतूकराव मारोत्राव हंबरडे 2,81,376 वोट हासिल कर आगे चल रहे हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार चव्हाण रविन्द्र वसंतराव 2,73,084 दूसरे नंबर पर हैं.
विधानसभा उपचुनाव की बात करें तो कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने चन्नपटना, शिगगांव और संदूर तीनों विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल की है.
पंजाब में चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए हुए उपचुनावों की मतगणना के रुझानों में आम आदमी पार्टी चब्बेवाल, गिद्दड़बाहा और डेरा बाबा नानक सीटों से आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस पंजाब के बरनाला क्षेत्र में आगे चल रही है.
तृणमूल ने बंगाल में 3 सीटें जीतीं, 3 पर आगे
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों ने तीन विधानसभा सीटों सीताई, मदारीहाट और नैहाटी पर जीत हासिल की है और शेष तीन सीटों हरोआ, मेदिनीपुर और तलडांगरा पर आगे चल रहे हैं. पश्चिम बंगाल में छह विधानसभा सीटों पर इस महीने की शुरुआत में उपचुनाव हुए थे.
उत्तराखंड की केदारनाथ सीट का रिजल्ट
उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा की आशा नौटियाल ने जीत हासिल की. उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार मनोज रावत को 5,622 मतों के अंतर से हराया. विजयी उम्मीदवार आशा नौटियाल को कुल 23,814 वोट मिले, जबकि 18,192 वोट हासिल कर मनोज रावत दूसरे नंबर पर रहे.
कर्नाटक की संदूर सीट के नतीजे
संदूर उपचुनाव में कांग्रेस ने कांटे की टक्कर में सीट बरकरार रखी. कांग्रेस की विजयी उम्मीदवार ई. अन्नपूर्णा को 93,606 वोट मिले. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के बंगारू हनुमंत को 9645 वोटों के अंतर से हराया. हनुमंत 83,961 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे.
केरल उपचुनाव: चेलाकारा में एलडीएफ के यूआर प्रदीप जीते
केरल में सत्ताधारी एलडीएफ ने अपने गढ़ चेलाकारा विधानसभा क्षेत्र को लगातार सातवीं बार बरकरार रखा. यूडीएफ की चेलाकारा में जीत हासिल करने की उम्मीदों पर इस बार भी पानी फिर गया. इस सीट पर पिछले 28 वर्षों से एलडीएफ का कब्जा है. सीपीआई के प्रदीप ने 12,122 मतों के अंतर से जीत दर्ज की. यूआर प्रदीप को 64,259 मत मिले, जबकि यूडीएफ की राम्या हरिदास 52,137 मत हासिल कर दूसरे स्थान पर रहीं. भाजपा उम्मीदवार के. बालकृष्णन 33,354 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे.