भोपाल। मध्य प्रदेश चुनाव के लिए अब कांग्रेस के उम्मीदवारों का आज इंतजार खत्म होगा। सीईसी की बैठक के बाद कांग्रेस के कैंडिडेट्स फाइनल किए जाएंगे। ऐसा कयास लगाया जा रहा है कि आज कांग्रेस अपनी पहली सूची जारी कर सकती है। पहली सूची में 60 से 100 नामों की घोषणा हो सकती है। कमजोर और हारी हुईं सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा पहले होगी। बता दें कि कांग्रेस ने अब तक उम्मीदवारों की एक भी सूची जारी नहीं की है।
बीते दिनों रणदीप सिंह सुरजेवाला ने जानकारी दी थी कि मध्य प्रदेश कांग्रेस की पहली कैंडिडेट लिस्ट नवरात्रि के पहले दिन जारी होगी। विधानसभा चुनाव 2023 में भारतीय जनता पार्टी से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची तैयार हो गई है। डेढ़ सौ उम्मीदवारों की सूची 15 अक्टूबर को कांग्रेस जारी करने वाली है। इसमें कई मौजूदा विधायक भी शामिल है। इसके बाद फिर 80 उम्मीदवारों की सूची भी जल्द ही जारी करने का दावा किया जा रहा है।
