
क्या आप बता सकते हैं कि दुनिया में सबसे ज्यादा जीने वाला जानवर कौन है? सही कहा, कछुआ। कछुए 100 साल से भी ज्यादा जीते हैं। लेकिन क्या आप दुनिया के सबसे बूढ़े कछुए को जानते हैं? अगर नहीं, तो आपको ‘जोनाथन’ के बारे में पता होना चाहिए।
क्योंकि इस कछुए ने ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ का एक और टाइटल अपने नाम कर लिया है। दरअसल, इस साल जोनाथन अपना 190वां जन्मदिन मना रहा है। मतलब, अब वो दुनिया का सबसे उम्रदराज कछुआ है। बता दें, इससे पहले यह रिकॉर्ड तुई मलीला कछुए के नाम था, जो करीब 188 साल जिया था।
साल 1832 में पैदा हुआ था ये कछुआ!
रिपोर्ट्स के अनुसार, जोनाथन का जन्म 1832 में हुआ था, जो 2022 में 190 साल का हो रहा है। जोनाथन को साल 1882 में सेशेल्स से साउथ एटलांटिक आईलैंड सेंट हेलेना में लाया गया। उसके साथ 3 अन्य कछुए भी थे। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मुताबिक, जोनाथन उस वक्त पूरी तरह से वयस्क था, और कछुए के लिए पूरी तरह से वयस्क होने का मतलब है कि उसकी उम्र 50 साल होगी।
गवर्नर के घर बिताया अधिकांश जीवन
1930 में सेंट हेलेना के गवर्नर स्पेंसर डेविस ने जोनाथन को उसका नाम दिया था। बता दें, जोनाथन ने अपना अधिकांश जीवन गवर्नर के घर पर ही बिताया है, जहां वह तीन अन्य विशाल कछुओं की कंपनी का लुत्फ उठाता है। वैसे जोनाथन को इंसानों का साथ भी काफी रास आता है।